Friday, January 22, 2016

क्या राम नाम से पत्थर तैरने लगे थे ?


आज भी लोगो में यह भ्रम है कि रामसेतु बनाते समय हनुमान जी ने पत्थरों पर राम लिखा था जिससे पत्थर समुद्र पर तैरने लगे थे | टीवी पर आई रामायण में भी राम नाम लिख पत्थर तैराने लगे थे | रामसेतु का विज्ञान इस चमत्कार की कथा के पीछे छिप सा गया | रामसेतु का दृष्टांत हमारे पूर्वजो के महान शिल्पविज्ञान , वास्तु शास्त्र , और यांत्रिक विज्ञान का प्रकाश कराता है लेकिन झूटे चमत्कारिक वर्णन से जन सामान्य इनसे विमुख हो गया | हालाकि आज कई लोग यह बात मान चुके है कि वो पत्थर अंदर से पोला होने के कारण तैरने लगा था | तथापि कई जगह अभी तक यह भ्रम है | एक गाना भी चला था पत्थर भी तैरने लगे थे बड़ी महिमा राम नाम की " आदि ऐसे गाने ,सीरियल अंधविश्वास को बढ़ावा देने वाले और रामायण ,महाभारत को मात्र काल्पनिक कथा सिद्ध करने वाले है इनके प्रभाव से बच हमे यथायोग्य प्रक्षेप ज्ञान कर वाल्मिक रामायण का स्वाध्याय करना चाहिए ताकि इस तरह के भ्रम हटे |
क्या राम नाम से पत्थर तेरे थे इसे जानने के लिए हमने वाल्मिक रामायण ,तुलसी रामचरित्रमानस का अध्ययन करा लेकिन इन दोनों ग्रंथो में राम नाम लिख पत्थर तैराने वाली बात नही थी | हालाकि तुलसी कृत मानस के निम्न चौपाये श्री राम जी के चमत्कारिक शक्तियों का उलेख तो करती है लेकिन इसमें भी राम नाम पत्थर तैरने लगे थे ऐसा कुछ नही है | इसमें राम जी की चमत्कारिकता का वर्णन का कारण उस समय मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम को ईश्वर अवतार मानना था इसलिए अवतारवाद के कारण तुलसी दास जी ने इसे इस तरह वर्णन करा जिससे राम जी विष्णु के अवतार है इस बात को और बल मिले | तुलसी निम्न चौपायो से यह वर्णन करते है -


बाँधा सेतु नील नल नागर। राम कृपाँ जसु भयउ उजागर॥

बूड़हिं आनहि बोरहिं जेई। भए उपल बोहित सम तेई॥4

भावार्थ:- चतुर नल और नील ने सेतु बाँधा। श्री रामजी की कृपा से उनका यह (उज्ज्वलयश सर्वत्र फैल गया। जो पत्थर आप डूबते हैं और दूसरों को डुबा देते हैंवे ही जहाज के समान (स्वयं तैरने वाले और दूसरों को पार ले जाने वालेहो गए॥4

महिमा यह न जलधि कइ बरनी। पाहन गुन न कपिन्ह कइ करनी॥5

भावार्थ:- यह न तो समुद्र की महिमा वर्णन की गई हैन पत्थरों का गुण है और न वानरों की ही कोई करामात है॥5

दोहा :
श्री रघुबीर प्रताप ते सिंधु तरे पाषान।
ते मतिमंद जे राम तजि भजहिं जाइ प्रभु आन॥3

भावार्थ:- श्री रघुवीर के प्रताप से पत्थर भी समुद्र पर तैर गए। ऐसे श्री रामजी को छोड़कर जो किसी दूसरे स्वामी को जाकर भजते हैं वे (निश्चय हीमंदबुद्धि हैं॥3
तुलसी दास के इस वर्णन में श्री राम के चमत्कारिक रूप को दर्शाया अवश्य गया है | यह उस समय के अवतारवाद के प्रभाव के कारण था ,लेकिन इसमें भी राम नाम से पत्थर तैराने के वर्णन नही है | तुलसी ने अवतारवाद के कारण यह कल्पना वाल्मिक मुनि से पृथक करी | अब हम वाल्मिक रामायण के वर्णन से पुल बाँधने का विज्ञानं जानेंगे -                         
वाल्मिक रामायण का सेतु वर्णन पढने पर हमे उस काल के उन्नत विज्ञान और वास्तुशास्त्र का दर्शन होता है - इसे वाल्मिक रामायण के युद्ध काण्ड के २२ वे सर्ग में पढिये - 
ते नगान् नग सम्काशाः शाखा मृग गण ऋषभाः || २-२२-५३
बभन्जुर् वानरास् तत्र प्रचकर्षुः च सागरम् |
अर्थात वे वानर युयपति पर्वतशिखरों और वृक्षों को उखाड़ उखाड़ कर समुद्र तट पर ला ला कर ढेर लगाने लगे ||
ते सालैः च अश्व कर्णैः च धवैर् वंशैः च वानराः || २-२२-५४
कुटजैर् अर्जुनैस् तालैस् तिकलैस् तिमिशैर् अपि |
बिल्वकैः सप्तपर्णैश्च कर्णिकारैश्च पुष्पितैः || २-२२-५५
चूतैः च अशोक वृक्षैः च सागरम् समपूरयन् |
अर्थात -उन लोगो ने साखू ,अश्वकर्ण ,धब ,बांस ,कौरेया ,अर्जुन ,ताल ,तिलक ,तिमिश .बैल ,सप्तवर्णा ,फुले हुए कुनैर ,आम और अशोक के पदों से समुद्र को पाट दिया |
तालान् दाडिमगुल्मांश्च नारिकेलविभीतकान् || २-२२-५७
करीरान् बकुलान्निम्बान् समाजह्रुरितस्ततः |
अर्थात - वे ताड़ ,अनार ,नारियल ,कत्था ,बेहडा ,मोलसिटी ,खदिर और नीम के पेड़ो को इधर उधर से लाकर वहा डालने लगे | 
हस्तिमात्रान् महाकायाः पाषाणांश्च महाबलाः || २-२२-५८
पर्वतांश्च समुत्पाट्य यन्त्रैः परिवहन्ति च |
अर्थात - हाथी के समान ,शक्तिशाली , दीर्घकाय यंत्र से  बड़े बड़े पर्वतों से पत्थरों को को  उखाड़ कर वहा पहुचाने लगे | 
प्रक्षिप्यमाणैर् अचलैः सहसा जलम् उद्धतम् || २-२२-५९
समुत्पतितम् आकाशम् अपासर्पत् ततस् ततः |
अर्थात -उन पत्थरों के बड़े बड़े टुकड़े को जल में डालने पर जल आकाश की तरफ उछलता और फिर नीचे गिर जाता |
समुद्रम् क्षोभयामासुर्निपतन्तः समन्ततः || २-२२-६०
सूत्राण्यन्ये प्रगृह्णन्ति ह्यायतम् शतयोजनम् |
अर्थात - इस प्रकार चारो तरफ से पत्थर ,लकड़ी गिरा गिरा कर वानरों ने समुद्र जल को खलबला दिया ,वहा कितने ही वानर १०० योजन लम्बे सूत से पुल की सिधाई को ठीक करते थे |
नलः चक्रे महासेतुम् मध्ये नद नदी पतेः || २-२२-६१
स तदा क्रियते सेतुर्वानरै र्घोरकर्मभिः |
अर्थात -इस प्रकार नल के घोरकरमा वानरों की साहयता से समुद्र के ऊपर पुल बाँधा गया | 

यहा स्पष्ट देखा जा सकता है कि कही भी राम नाम लिख पत्थर तैराने का उलेख नही है ,बल्कि वास्तुशास्त्र और यंत्रो की मदद से पुल बनाने का उलेख मिलता है | श्लोक ५८ में स्पष्ट यंत्र का उलेख है यह यंत्र पत्थरों को उखाड़ने और लाने ले जाने का कार्य कर रहा है जो कि आज की जेसीबी मशीन जेसा लगता है अर्थात उस काल में ऋषियों ने इतने बड़े यंत्रो का आविष्कार कर लिया था जो पर्वतों से पत्थर उखाड़ ले जाने का कार्य करते थे | इससे हमे उस काल के विज्ञान मशीन तकनीक के दर्शन होते है | श्लोक ६० में लिखा है की सूत से नाप पुल की सिधाई करते थे | इस श्लोक से स्पष्ट पता चल रहा है कि पुल को वास्तु विज्ञान और ज्यामितीय गणित के अनुसार नाप कर बनाया गया था | अर्थात उस काल के ज्यामितीय गणित और आर्क्तेचरिग की उन्नत विद्या का वर्णन मिलता है | इन दोनों और अन्य श्लोको से स्पष्ट है कि नल नील ने पुल का निर्माण उच्च वास्तु विज्ञानं और तकनीकी यंत्रो से करा था | नल नील दोनों बड़े आर्क्तेचर (वास्तुशास्त्री ) थे | 
यहा हमने देखा कि किस तरह राम नाम के झूटे प्रपंच रूपी कहानी ने भारत के बड़े वास्तु विज्ञान और यंत्र विज्ञानं के रहस्य पर पर्दा सा डाल दिया था | लेकिन यह कहानी आखिर चली कहा से इस प्रश्न का उत्तर खोजने पर जब विभिन्न राज्यों की विभिन्न राम कथाओं में से जब तेलगु की रंगनाथ रामायण को देखा तो उसमे सेतु सम्बन्धी दो निम्न बाते मिली -
(१) पहले प्रसंग के अनुसार सेतु निर्माण में एक गिलहरी का जोड़ा भी योगदान दे रहा था। यह रेत के दाने लाकर पुल बनाने वाले स्थान पर डाल रहा था। इस ग्लेहरी पर श्री राम जी ने हाथ फैर दिया तबसे गिलहरियों के शरीर पर धारिया बन गयी |
(२) दुसरे प्रसंग अनुसार जब राम-राम लिखने पर पत्थर तैर तो रहे थे परंतु इधर-उधर बह रहे थे। इनको जोड़ने हेतु हनुमानजी ने एक एक पत्थर पर "रा" तो दूसरे पर "म" लिखा। इससे पत्थर जुड़ने लगे व सेतु का काम आसान हो गया।
इस रंगनाथ रामायण के उलेख से पता चलता है कि इस तेलगु रामायण ने राम नाम लिख पत्थर को नदी में डालने की कल्पना करी जो कि वाल्मिक और तुलसी दोनों के विरुद्ध थी ,इसी कल्पना को गानों और टीवी प्रोग्रामो में लिया गया| इससे यह भ्रम लोगो में फैला की राम नाम के चमत्कार से पत्थर तैरने लगे थे | और सेतु के पीछे के विज्ञानं ,सेतु बनाने में पोल पत्थरों के आलावा लकड़ी ,वृक्षों का उपयोग ,सेतु को नाप कर बनाना आदि रहस्य की बातो से जनसामान्य वंचित रह गया | हमे किसी भी बात पर विशवास करने से पूर्व उसका तथ्यात्मक अध्धयन कर सत्य जानना चाहिए ताकि अंधविश्वास और चमत्कार की आड़ में प्राचीन विज्ञानं न छिप जाए | 
पुरे लेख के प्रमाणों से सिद्ध है कि राम नाम से पत्थर तैरने की कल्पना तेलगु रामायण से चली है तुलसी और ऋषि वाल्मिक की रामायण इस कल्पना का कोई समर्थन नही करती है | सेतु का निर्माण भारत का उच्च ज्यामिती ,यांत्रिक ,वास्तु विज्ञान दर्शाता है |  

No comments:

Post a Comment